आरक्षण जाति नहीं गरीबी के आधार पर मिले, गृह क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे एमएलसी ललन कुमार ने कहा 'विकास हमारा...'

माफो गांव पहुंचे एमएलसी ललन कुमार, बोले—विकास की कमी और घाटकोसुम्भा जलजमाव का मुद्दा विधान परिषद में उठाऊंगा। मांझी और चिराग के बयान पर भी एमएलसी ललन कुमार ने दी प्रतिक्रिया, कहा आरक्षण जाति नहीं गरीबी के आधार पर हो

शेखपुरा: विधान परिषद सदस्य ललन कुमार रविवार को अपने निजी कार्यक्रम के तहत शेखपुरा सदर प्रखंड के माफो गांव पहुंचे। गांव पहुंचने पर ग्रामीण प्रीत्युंजय कुमार एवं अन्य ग्रामीणों ने गाजे-बाजे के साथ फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला। एमएलसी ललन कुमार ने कहा कि वे निजी कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर विकास कार्यों और स्थानीय समस्याओं का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान जहां भी विकास कार्यों में कमी या आम लोगों से जुड़ी गंभीर समस्याएं सामने आएंगी, उन मुद्दों को मजबूती के साथ विधान परिषद में उठाया जाएगा।

एमएलसी ने विशेष रूप से घाटकोसुम्भा क्षेत्र में जलजमाव की समस्या का जिक्र करते हुए कहा कि यह एक गंभीर मुद्दा है और इसे सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि हरोहर नदी के एक छोर पर स्थित लखीसराय जिले के लोगों को योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिल रहा है, जबकि दूसरी ओर स्थित घाटकोसुम्भा क्षेत्र अपेक्षित लाभ से वंचित है। वहीं लोजपा सुप्रीमो चिराग पासवान और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बीच आरक्षण को लेकर चल रही बयानबाजी पर एमएलसी ने कहा कि आरक्षण का लाभ वास्तविक जरूरतमंद और गरीब लोगों को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर जाति में गरीब लोग हैं, इसलिए आरक्षण की व्यवस्था गरीबी और जरूरत के आधार पर होनी चाहिए। हालांकि उन्होंने दोनों नेताओं की व्यक्तिगत बयानबाजी पर अधिक टिप्पणी करने से परहेज किया।

  

Related Articles

Post a comment