ऑडिट के नाम पर हर महीने लेते थे 8 हजार, पटना में आपूर्ति पदाधिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार

पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। एक बार फिर निगरानी की टीम ने राजधानी पटना में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अधिकारी को गिरफ्तार किया है। मामला नौबतपुर प्रखंड कार्यालय का है जहां निगरानी की टीम ने धावा बोल प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विनोद कुमार को 8 हजार रुपए घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। अब निगरानी की टीम गिरफ्तार अधिकारी से पूछताछ के बाद विशेष निगरानी कोर्ट में पेश करेगी। मामले को लेकर निगरानी डीएसपी आदित्य राज ने बताया कि  नौबतपुर प्रखंड के बारा गांव निवासी जनवितरण प्रणाली दुकानदार अवधेश शर्मा के भतीजे कृष्णकांत कुमार ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जनवितरण प्रणाली की दुकान का हर महीने ऑडिट किया जाता है और इसी ऑडिट के सिलसिले में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विनोद कुमार दुकानदार से 8 हजार रुपये की मांग करते हैं। 

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने पूरे मामले का सत्यापन कराया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद आरोपी पदाधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई गई। बुधवार को निगरानी विभाग की टीम नौबतपुर प्रखंड कार्यालय पहुंची। जैसे ही आपूर्ति पदाधिकारी विनोद कुमार ने शिकायतकर्ता से 8 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर लिए, पहले से मौजूद निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। अचानक हुई इस कार्रवाई से प्रखंड कार्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई और कर्मचारियों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई। फिलहाल निगरानी विभाग की टीम आरोपी पदाधिकारी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय और आपूर्ति विभाग से जुड़े कर्मचारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

  

Related Articles

Post a comment