मुजफ्फरपुर : अंचल अधिकारियों के सामूहिक अवकाश के बीच प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ वैकल्पिक प्रभार सौंपे गए, मुजफ्फरपुर DM ने...
- by Raushan Pratyek Media
- 23-Mar-2026
- Views
मुजफ्फरपुर : जिले में 16 मार्च से अंचल अधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों के सामूहिक अवकाश पर चले जाने के कारण प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने त्वरित एवं प्रभावी कदम उठाए है. आम जनता को राजस्व एवं अंचल स्तर की सेवाओं में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था लागू करते हुए विभिन्न प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
जिला पदाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को उनके मूल कार्यों के अतिरिक्त प्रभारी अंचल अधिकारी के रूप में कार्य एवं दायित्वों के निर्वहन के लिए अधिकृत किया गया है. साथ ही अंचल अधिकारी के पद से संबंधित वित्तीय कार्यों के निष्पादन हेतु बिहार कोषागार संहिता के नियम 84 के अंतर्गत उन्हें निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (डीडीओ) की शक्तियां भी प्रदान की गई हैं। इससे यह सुनिश्चित किया गया है कि राजस्व से जुड़े सभी वित्तीय कार्य निर्बाध रूप से संचालित होते रहें.
जिला पदाधिकारी सेन ने सभी नामित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपने-अपने प्रभार का पूर्ण रूप से ग्रहण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह व्यवस्था अस्थायी है और अंचल अधिकारियों के सामूहिक अवकाश से लौटने तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि इस दौरान किसी भी स्तर पर कार्य प्रभावित न हो और जनता को समय पर सेवाएं मिलती रहें.
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के तहत मुशहरी अंचल का प्रभार प्रखंड विकास पदाधिकारी मुशहरी को सौंपा गया है, जबकि मीनापुर अंचल का प्रभार प्रखंड विकास पदाधिकारी मीनापुर को दिया गया है। इसी प्रकार बोचहा अंचल का प्रभार प्रखंड विकास पदाधिकारी बोचहा को, तथा गायघाट अंचल का प्रभार प्रखंड विकास पदाधिकारी गायघाट को सौंपा गया है.
कटरा अंचल के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी कटरा को प्रभारी बनाया गया है, वहीं साहेबगंज अंचल का प्रभार प्रखंड विकास पदाधिकारी साहेबगंज को दिया गया है। कुढ़नी अंचल का प्रभार प्रखंड विकास पदाधिकारी कुढ़नी को सौंपा गया है, जबकि कांटी अंचल के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी कांटी को जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अतिरिक्त सरैया अंचल का प्रभार राजस्व अधिकारी सरैया को सौंपा गया है। वहीं सकरा अंचल के लिए अंचल अधिकारी मुरौल को प्रभारी के रूप में नामित किया गया है, जो वहां के कार्यों का संचालन करेंगे।
इस वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले में राजस्व से संबंधित कार्य—जैसे भूमि विवाद का निष्पादन, दाखिल-खारिज, प्रमाण पत्र निर्गमन, आपदा राहत से जुड़े कार्य—आदि निरंतर जारी रहना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे में अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए यह कदम उठाया गया है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी प्रभारी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में नियमित रूप से उपस्थित रहकर जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट....


Post a comment