स्वास्थ्य मंत्री निशांत पहुंचे वैशाली के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में, लोगों से की मुलाकात, कहा 'नीतीश कुमार ने हमेशा कहा है...'
- by Manjesh Kumar
- 10-Sep-2026
- Views
वैशाली: गुरुवार को बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री एवं वैशाली जिला प्रभारी मंत्री निशांत तथा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने वैशाली जिले के महनार, राघोपुर एवं राजापाकर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान निशांत ने बाढ़़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही, स्वास्थ्य शिविरों में उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए चिकित्सा सुविधाओं से संबंधित आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सामुदायिक रसोई में खाद्य सामग्री एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों से आवश्यक दवाओं के पर्याप्त भंडारण एवं उपलब्धता की जानकारी लेते हुए इसकी निरंतरता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मौके पर निशांत ने अधिकारियों से कहा कि राहत शिविरों में रह रहे किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रभावित लोगों तक आवश्यक दवाएं, चिकित्सा सुविधाएं एवं अन्य जरूरी सहायता समय पर पहुंचे, इसे हर स्तर पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार हमेशा कहा करते हैं कि सरकारी खजाने पर सबसे पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। इसी सोच के साथ राज्य सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत एवं आवश्यक सहायता पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है। बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव राहत एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि निशांत के दिशा निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रही है। सरकार की ओर से तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य जारी है तथा प्रत्येक प्रभावित परिवार तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासन एवं विभागीय टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी मजबूती के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
साथ ही इस मौके पर निशांत ने वैशाली जिला अतिथि गृह में वरीय पदाधिकारियों के साथ बाढ़ से संबंधित समीक्षात्मक बैठक की एवं राहत बचाव कार्यो के संबंध में अद्यतन जानकारी प्राप्त की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस मौके पर विधायक सिद्धार्थ पटेल, विधायक महेंद्र राम एवं वैशाली के जिलाध्यक्ष सुभाष चंद्र सिंह मौजूद रहे।


Post a comment