समय से कार्यालय आएं और जाएं सरकारी कर्मी, सम्राट की सरकार ने लेट लतीफ पर कसा शिकंजा
- by Raushan Pratyek Media
- 23-Apr-2026
- Views
पटना: बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार बनते ही वह लगातार एक्शन में हैं। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की और राज्य की जनता के हित में काम करने और विकास कार्यों की गति बढ़ाने का निर्देश दिया था। अब सम्राट चौधरी ने सभी सरकारी कर्मियों को एक और चेतावनी दी है। सम्राट सरकार ने साफ कर दिया है कि अब कार्यालयों में मनमानी के साथ ही देर से आना और जल्दी जाना नहीं चलेगा। इस मामले में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी कर्मियों के लिए निर्देश जारी कर दिया है।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों के विभागाध्यक्ष को और जिलाधिकारियों को पत्र लिख कर निर्देश दिया है कि सभी कर्मी समय पर कार्यालय पहुंचें और पूरे कार्यकाल के दौरान अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करें साथ ही निर्धारित समय के बाद ही कार्यालय से घर जायें। अब कार्यालयों का वरीय अधिकारी कभी भी औचक निरीक्षण कर सकते हैं और अनुपस्थित पाए जाने या देर होने पर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी। सम्राट सरकार ने साफ कर दिया है कि अगर कोई कर्मी समय से कार्यालय न आयें या छुट्टी नहीं रहने के बावजूद कार्यालय से अनुपस्थित रहने पर उनका वेतन काट लिया जायेगा। सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया गया है कि सैलरी बिल सिर्फ उपस्थिति विवरणी के आधार पर ही तैयार किये जायें, लापरवाही होने पर संबंधित अधिकारी जवाबदेह होंगे।
सरकारी कर्मियों के लिए सरकार ने कार्य समय को लेकर भी स्पष्ट कर दिया है कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह वाले दफ्तरों के लिए कार्य समय सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा जबकि लंच दोपहर 1 से 2 बजे तक होगा। वहीं महिला कर्मियों के लिए कार्यालय में सुबह 9:30 बजे से 5 बजे तक रहेगा। वहीं छः दिवसीय कार्यालयों के ली कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा जबकि सर्दियों के समय में यह समय सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। बता दें कि सरकार ने वर्ष 2022 से ही बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य कर दिया है लेकिन इसे कड़ाई से लागू अब किया जा रहा है। इस संबंध में मुख्य सचिव ने स्पष्ट कर दिया है कि कार्य समय में लापरवाही सरकारी काम काज की गुणवत्ता पर असर डालती है इसलिए इस व्यवस्था को हर हाल में लागू किया जाना है।


Post a comment