PM मोदी की अपील का अब भी दिख रहा असर, पूर्णिया डीएम समेत कई कर्मी साइकिल और ई रिक्शा से पहुंचे ऑफिस
- by Manjesh Kumar
- 22-May-2026
- Views
पटना: बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को देखते हुए एहतियातन पेट्रोल डीजल की कम खपत करने की देशवासियों से अपील की थी। पीएम मोदी की अपील पर एक तरफ जहां विपक्ष निशाना साध रहा है तो दूसरी तरफ सत्ता पक्ष लगातार अमल कर रहा है। इतना ही नहीं बिहार की सरकार ने हर शुक्रवार को नो व्हीकल डे के रूप में मानने की अपील की है जिसके बाद दूसरे शुक्रवार को भी इसका असर देखने को मिला। राजधानी पटना में कई मंत्री शुक्रवार को पैदल या रिक्शा से कार्यालय पहुंचे तो पूर्णिया में भी डीएम समेत कई कर्मी साइकिल और ई रिक्शा से कार्यालय पहुंचे।
पूर्णिया के प्रभारी जिला पदाधिकारी अंजनी कुमार टोटो से समाहरणालय पहुंचे। इस दौरान उनके बॉडीगार्ड भी साथ मौजूद रहे। वहीं वरीय उपसमाहर्ता रवि राकेश साइकिल चलाकर कार्यालय पहुंचे। उनके साथ सुरक्षाकर्मी भी साइकिल से ही पहुंचे। हालांकि, कुछ अधिकारी इस अभियान की अनदेखी करते हुए फोर व्हीलर से कार्यालय आते-जाते भी दिखाई दिए, जिससे लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
मौके पर प्रभारी जिला पदाधिकारी अंजनी कुमार ने कहा कि ‘नो व्हीकल डे’ मनाने का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण और वैश्विक तेल संकट से निपटना है। वहीं वरीय उपसमाहर्ता रवि राकेश ने कहा कि ईंधन की बचत आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है और प्रधानमंत्री के आह्वान पर सरकार द्वारा इस तरह की पहल की जा रही है।


Post a comment