

आयुक्त कुमार रवि के निदेश पर आज सतरहवें दिन पटना शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।।
- by Raushan Pratyek Media
- 17-Dec-2023
- Views
पुनः अतिक्रमण रोकने के लिए फॉलो-अप टीम लगातार सक्रिय रखेंः आयुक्त ने दिया अधिकारियों को निदेश
सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता; संपूर्ण प्रशासनिक तंत्र इसके लिए सजग, तत्पर तथा प्रतिबद्ध रहेः आयुक्त
पटना:-आयुक्त, पटना प्रमंडल, पटना कुमार रवि के निदेश पर आज सतरहवें दिन पटना शहर में अतिक्रमण उन्मूलन मल्टी-एजेंसी विशेष अभियान चलाया गया। विभिन्न नगर निकायों में यह अभियान चलाया गया। आयुक्त अभियान की नियमित समीक्षा कर रहे हैं।
प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, पुलिस, अग्निशाम, पुल निर्माण निगम, दूरसंचार, वन प्रमंडल, विद्युत सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी अतिक्रमण हटाओ अभियान में शामिल थे।
जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त सूचना के अनुसार आज पटना नगर निगम के नूतन राजधानी अंचल में दस बजे पूर्वाह्न से चार बजे अपराह्न तक अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाया गया। आज यहाँ बोरिंग रोड चौराहा से लेकर चिल्ड्रेन पार्क तक अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया। आज इस अंचल में ₹ 20,950/- जुर्माना वसूला गया।
पाटलिपुत्र अंचल में आज दस बजे पूर्वाह्न से तीन बजे अपराह्न तक अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाया गया। आज यहाँ राजीव नगर, गाँधी मैदान में अतिक्रमण हटाया गया। आज इस अंचल में ₹ 10,500/- जुर्माना वसूला गया।
नगर परिषद् दानापुर निजामत में ग्यारह बजे पूर्वाह्न से तीन बजे अपराह्न तक अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाया गया। आज यहाँ आर.पी.एस. मोड़ नेहरू पथ (मेन रोड) से अतिक्रमण हटाया गया। अभियान के दौरान यहाँ अवैध होर्डिंग, बैनर, बांस, बल्ला, जप्त किया गया। आज इस अंचल में ₹ 4,000/- जुर्माना वसूला गया।
आज के अतिक्रमण उन्मूलन अभियान में विभिन्न अंचलों में 35,450/- रुपये जुर्माना वसूला गया। सतरह दिनों के अभियान में कुल ₹ 7,68,350/- जुर्माना वसूला गया है।
आयुक्त श्री रवि के निदेश पर यातायात पुलिस द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया है। आज विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान 48 वाहनों से 45,000/- रुपये शमन की राशि वसूली गई। आज तक कुल 765 वाहनों से 9,81,300/- रुपये शमन की राशि वसूली गई।
आयुक्त श्री रवि ने कहा कि एन्टी-इंक्रोचमेंट ड्राईव नियमित तौर पर चलाया जाएगा।
आयुक्त श्री रवि के निर्देश पर संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में फॉलोअप टीम लगातार सक्रिय है। जहां-जहां अतिक्रमण हटाया गया है वहां यह टीम पुनः अतिक्रमण की घटना से सख्ती से निपटेगी। पुनः अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का निदेश दिया गया है।
आयुक्त श्री रवि ने वरीय पुलिस अधीक्षक को निदेश दिया है कि संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों तथा थानाध्यक्षों के माध्यम से यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्थिति में पुनः अतिक्रमण न हो तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रहे।
वरीय पुलिस अधीक्षक यह सुनिश्चित करेंगे कि थानाध्यक्ष अतिक्रमण हटाने का विवरण स्टेशन डायरी में भी अंकित करें।
आयुक्त श्री रवि ने कहा कि सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। यातायात व्यवधान, अतिक्रमण एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरूद्ध प्रशासन शून्य सहिष्णुता के सिद्धांत पर काम करता है। निदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध सख्त-से-सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a comment