ऑनलाइन हाजिरी की समस्या पर भड़के मनरेगा मजदूर, कार्यालय के बाहर किया धरना-प्रदर्शन
- by Manjesh Kumar
- 04-Jun-2026
- Views
कटिहार: मनरेगा कार्यों में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर गुरुवार को बरारी प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा कार्यालय के बाहर मजदूरों ने धरना-प्रदर्शन किया। सिक्कट पंचायत से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रमिकों ने हाजिरी दर्ज नहीं होने के कारण मजदूरी भुगतान प्रभावित होने की शिकायत करते हुए प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की। जनजागरण संगठन के नेतृत्व में पहुंचे मजदूरों ने बताया कि वे नियमित रूप से कार्यस्थल पर काम कर रहे हैं, लेकिन मोबाइल ऐप के माध्यम से उनकी उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही है। इससे उनकी मजदूरी लंबित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि तकनीकी खामियों का खामियाजा गरीब मजदूरों को भुगतना पड़ रहा है।
संगठन की प्रतिनिधि रीना देवी ने बताया कि सिक्कट पंचायत में संगठन के माध्यम से 162 मजदूर विभिन्न मनरेगा योजनाओं में कार्यरत हैं। पिछले कई दिनों से उनकी ऑनलाइन हाजिरी नहीं बन रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई मजदूरों की उपस्थिति पूरी तरह रिकॉर्ड नहीं हो सकी थी, जिसके कारण उन्हें मजदूरी भुगतान से वंचित होना पड़ा। उन्होंने मनरेगा योजनाओं में अनियमितता तथा ठेकेदारी व्यवस्था को बढ़ावा दिए जाने का भी आरोप लगाया। धरना में शामिल महिला एवं पुरुष मजदूरों ने मांग की कि जब तक ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली पूरी तरह सुचारू नहीं हो जाती, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत रजिस्टर पर हाजिरी लेने की अनुमति दी जाए। उनका कहना था कि तकनीकी कारणों से मजदूरों की आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
इस संबंध में मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी श्यामदेव कुमार ने बताया कि नेटवर्क और ऐप अपडेट से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के कारण कुछ स्थानों पर हाजिरी दर्ज करने में परेशानी आ रही है। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा मजदूरों की शिकायतों से जिला प्रशासन को भी अवगत करा दिया गया है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।
कटिहार से धीरज चौधरी की रिपोर्ट


Post a comment