तेजस्वी के विधायक के सरकारी आवास पर छापेमारी करने पहुंची सीवान पुलिस, नहीं मिले MLA...

पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के विधायक एवं पूर्व बाहुबली सांसद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। बीते दिनों ओसामा के सीवान स्थित आवास पर छापेमारी के बाद अब पुलिस उनके पटना में स्थित सरकारी आवास पर भी पहुंच गई। हालांकि इस दौरान विधायक ओसामा शहाब अपने आवास पर मौजूद नहीं थे। जानकारी के अनुसार बीते दिनो सीवान में एक डॉक्टर दंपत्ति ने रघुनाथपुर विधायक ओसामा शहाब के विरुद्ध जबरन जमीन कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी। अब इस मामले में पुलिस लगातार ओसामा शहाब की तलाश कर रही है जबकि MLA फरार चल रहे हैं।

बुधवार को सीवान के एएसपी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम पटना पहुंची और विधायक के सरकारी आवास पर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान ही हाई कोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक लगाने का आदेश पुलिस को मिला जिसके बाद टीम वापस लौट गई। मामले को लेकर सीवान एसपी पूरन झा ने बताया कि महादेवा थाना में दर्ज मामले में ओसामा साहब के खिलाफ वारंट जारी हुआ था, जिसके आधार पर पटना स्थित सरकारी आवास पर छापेमारी की गई। उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान कोर्ट से मिले स्टे आदेश की कॉपी मांगी गई थी, लेकिन आवास पर मौजूद लोगों द्वारा कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया।

  

Related Articles

Post a comment