'आपके बोलने से सैंपल लेकर नहीं जाएंगे', पहले पंचायत भवन निर्माण और अब जांच पर भी उठा सवाल..

कटिहार: कटिहार के बरारी प्रखंड क्षेत्र के सुजापुर पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन की गुणवत्ता को लेकर मामला अब जांच से आगे जांच की प्रक्रिया तक पहुंच गया है। पहले विभागीय निरीक्षण में निर्माण कार्य की कई तकनीकी कमियां दर्ज की गईं। रिपोर्ट जिला पंचायत राज पदाधिकारी को कार्रवाई के लिए भेजी गई। इसके बाद सोमवार, 21 सितंबर को एसडीओ विवेक कुमार स्थल निरीक्षण करने पहुंचे। लेकिन इस निरीक्षण के बाद शिकायतकर्ता नईम अख्तर ने जांच की पारदर्शिता और सैंपलिंग की प्रक्रिया पर सवाल खड़ा कर दिया है। बरारी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी कार्यालय की जांच रिपोर्ट में खुले में रखे रिइनफोर्समेंट में जंग, छत में निर्धारित 4 और 5 इंच के बजाय 7 और 8 इंच की दूरी, बीम के स्टिरप में निर्धारित 4 इंच की जगह 7 इंच का गैप और छत पर कवर ब्लॉक नहीं मिलने का उल्लेख है। रिपोर्ट में अतिरिक्त रिइनफोर्समेंट नहीं मिलने, सेंटरिंग में बांस के इस्तेमाल तथा निर्माण कार्य की धीमी गति की बात भी दर्ज है।

इसी रिपोर्ट के बाद सोमवार को एसडीओ विवेक कुमार मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता नईम अख्तर का आरोप है कि एसडीओ ने भवन को दूर से देखकर ही निरीक्षण समाप्त कर दिया। आवेदक के मुताबिक, उन्होंने निर्माण सामग्री का सैंपल लेकर जांच कराने का आग्रह किया, लेकिन एसडीओ ने कथित तौर पर कहा कि आपके बोलने से सैंपल लेकर नहीं जाएंगे। अब सवाल यह है कि जब पहली विभागीय जांच में निर्माण की तकनीकी गुणवत्ता पर कई बिंदु दर्ज किए जा चुके हैं, तो मौके पर इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपलिंग क्यों नहीं हुई? क्या केवल स्थल निरीक्षण से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की पूरी तस्वीर सामने आ सकती है?

हालांकि, एसडीओ विवेक कुमार का पक्ष और सैंपल नहीं लेने के संबंध में उनका आधिकारिक स्पष्टीकरण अभी सामने नहीं आया है। ऐसे में अगली कार्रवाई और जांच की पारदर्शिता पर अब निगाहें टिकी हैं।

  

Related Articles

Post a comment