पुर्णिया के इस पंचायत में सफाई व्यवस्था बदहाल, नल-जल योजना भी प्रभावित

पूर्णिया: पूर्णिया के बनमनखी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रामपुर तिलक में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत सफाई व्यवस्था के लिए उपलब्ध कराए गए संसाधन बदहाल स्थिति में हैं। पंचायत के कुल 15 वार्डों में दिए गए ठेलों में से केवल 3-4 ठेला ही सही स्थिति में बताया जा रहा है, जबकि अधिकांश ठेला खराब होकर पड़े हुए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, खराब पड़े संसाधनों की मरम्मत और देखरेख की व्यवस्था नहीं होने से सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। वहीं, सफाई कर्मियों को लगभग दो वर्षों से मानदेय नहीं मिलने की बात भी सामने आ रही है। सभी सफाई कर्मी गरीब परिवार से आते हैं, जिस कारण वे अपनी समस्याओं को खुलकर रखने में डर महसूस करते हैं और किसी से शिकायत नहीं कर पाते हैं। इसके अलावा पंचायत के सभी वार्डों में नल-जल योजना के तहत लगाए गए पानी टंकी से भी लोगों को नियमित रूप से पानी नहीं मिल रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई जगहों पर योजना का लाभ धरातल पर नहीं दिख रहा है और लोग शुद्ध पेयजल के लिए परेशान हैं। राजद प्रखंड कोषाध्यक्ष बनमनखी सुबोध यादव ने कहा कि समय पर सफाई गाड़ी उपलब्ध नहीं कराई जाती है और न ही पर्याप्त झाड़ू व अन्य जरूरी सामग्री दी जाती है। ऐसे में पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता अभियान को सफल बनाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि खराब पड़े ठेलों की मरम्मत कराई जाए, सफाई कर्मियों का बकाया मानदेय भुगतान किया जाए, नल-जल योजना को सुचारू रूप से चालू कराया जाए तथा पंचायत में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

  

Related Articles

Post a comment