दागदार होती ज्ञान की धरती नालंदा, एक बार फिर NEET परीक्षा पेपर लीक का जुड़ा तार, जांच एजेंसी ने...

नालंदा: कभी की धरती के रूप में जाना जाने वाला नालंदा अब पेपर लीक के मामले में आगे बढ़ता जा रहा है। एक तरफ जहां पिछले वर्ष बिहार में कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक का तार नालंदा से जुड़ा तो अब इस वर्ष भी नीट पेपर लीक का तार नालंदा से जुड़ता हुआ दिख रहा है। इस मामले में जांच एजेंसी ने नालंदा के भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान पावापुरी में बड़ी कार्रवाई की है। मामले को लेकर आईबी की टीम संस्थान में पहुंची जहां कॉलेज प्रशासन के साथ ही कई छात्रों से भी पूछताछ की। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी ने कुछ संदिग्ध को हिरासत में भी लिया है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

जानकारी के अनुसार आईबी की टीम भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान पावापुरी में पावापुरी सहायक थाना, गिरियक और कतरीसराय थाना की पुलिस के साथ पहुंची जहां घंटों छापेमारी की। इस दौरान टीम ने कार्यालय के साथ ही हॉस्टल के कई कमरों की भी तलाशी ली। घंटों चली इस कार्रवाई में अधिकारियों ने सॉल्वर गैंग के मुख्य सरगना अवधेश कुमार और अन्य छात्रों के कमरों के ताले तोड़कर गहन तलाशी ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उज्ज्वल और अमन मौसेरे भाई हैं और दोनों एक ही हॉस्टल में साथ रहते थे। पुलिस ने इन्हें और मुख्य सरगना अवधेश को जांच के केंद्र में रखा है।

आईबी की दो सदस्यीय टीम ने कॉलेज के सुप्रिटेंडेंट के चैंबर में बैठकर उनसे और कॉलेज के अन्य पदाधिकारियों तथा जूनियर डॉक्टरों से लंबी पूछताछ की। इस दौरान कॉलेज के कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक और प्रशासनिक दस्तावेज़ों को भी जांच के लिए खंगाला गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। टीम में शामिल अधिकारियों ने पुष्टि की है कि तलाशी और पूछताछ की प्रक्रिया जारी है। पूरे परिसर में भारी पुलिस बल की तैनाती के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

एक जानकारी के अनुसार सॉल्वर गैंग अभ्यर्थियों से 50 से 60 लाख रुपए में डील करते थे और असली अभ्यर्थी की जगह स्कॉलर को परीक्षा में बैठाते थे। राजगीर के डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में अवधेश कुमार, अमन कुमार सिंह (मोतिहारी) और पंकज कुमार साह (मुजफ्फरपुर) शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड उज्जवल उर्फ राजा बाबू है, जो पावापुरी मेडिकल कॉलेज का 2022 बैच का छात्र है। अमन, उज्जवल का मौसेरा भाई है और दोनों हॉस्टल में साथ रहते थे। उज्जवल अभी फरार है।

  

Related Articles

Post a comment