दुर्गा पूजा को लेकर पीस कमेटी की बैठक: पंडालों में CCTV लगाने के निर्देश, सुरक्षा के साथ उठा सड़क-जर्जर तारों का मुद्दा
- by Manjesh Kumar
- 13-Oct-2026
- Views
सुलतानपुर (उप्र): दुर्गा पूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बल्दीराय थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। सीओ आशुतोष कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। सीओ आशुतोष कुमार ने पूजा समितियों से पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने और ध्वनि मानकों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे किसी को परेशानी न हो।
वहीं केंद्रीय दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष महेश जायसवाल ने त्योहार के दौरान आवाजाही से जुड़ी समस्याओं की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने सड़क किनारे बने गड्ढों को दुरुस्त कराने, झाड़ियों की सफाई कराने और बिजली के खंभों पर लटक रहे ढीले तारों को ठीक कराने की जरूरत बताई। कहा कि इन समस्याओं के समाधान से श्रद्धालुओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। बैठक में साफ-सफाई, बिजली, सड़क और अन्य जनसुविधाओं पर भी चर्चा हुई।
बैठक में खंड विकास अधिकारी विमलेंद्र चंद त्रिवेदी, केंद्रीय दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष महेश जायसवाल, आचार्य सूर्यभान पांडेय, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शाकिर अब्बास, राजधर शुक्ला, पूर्व प्रधान निसार अहमद, प्रधान जयप्रकाश मिश्र, मुकेश अग्रहरि, फैयाज अहमद, अमरजीत सिंह, प्रधान बन्ने पटैला, प्रधान राजेश दुबे, सुनील सिंह और जितेंद्र मिश्रा समेत सैकड़ों क्षेत्रीय लोग और पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


Post a comment