

तेजस्वी यादव की जन विश्वास यात्रा को लेकर रोहतास में तैयारी पूरी, कार्यकर्ताओं में उत्साह
- by Raushan Pratyek Media
- 22-Feb-2024
- Views
रिपोर्ट:रवि वर्मा/ रोहतास
जन विश्वास यात्रा के चौथे दिन यानी 23 फरवरी को 1 बजें दिन में पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव रोहतास जिले के दिनारा पहुंचेंगे। दिनारा में कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। प्रशासन भी सुरक्षा के मद्देनजर चाक-चौबंद है। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, जन विश्वास यात्रा के चौथे दिन रोहतास के दिनारा बलदेव उच्च विद्यालय के मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसको लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वहीं यात्रा को लेकर स्थानीय प्रशासन सजग है।
नेताओं ने तैयारियों का लिया जायजा
दिनारा विधायक विजय कुमार मंडल, रामगढ़ विधायक सुधाकर सिंह, राजद जिला महासचिव राम प्रवेश सिंह कुशवाहा, धनंजय सिंह एवं राजद जिलाध्यक्ष रामचन्द्र ठाकुर अन्य राजद कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैनर-पोस्टर से पटा दिनारा
बता दें कि कार्यक्रम स्थल पर लगभग 24 फीट लंबा और 16 फीट चौड़ा मंच बना है। लोगों के बैठने के लिए कुर्सी और पेयजल आदि के इंतजाम किए जाएंगे। यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं और आम जनता में उत्साह है। वहीं जिले के दिनारा सहित अन्य प्रमुख चौक-चौराहे पर होर्डिंग-बैनर लगाए गए हैं।
कार्यक्रम में लाखों की भीड़ जुटने की उम्मीद
पूर्व उपमुख्यमंत्री की यात्रा में महागठबंधन के सभी घटक दल शामिल हो रहे हैं। यात्रा की सफलता के लिए राजद, कांग्रेस, भाकपा माले सहित अन्य महागठबंधन दलों के कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है। भीड़ जुटाने को लेकर नगर और पंचायतों में भ्रमण कर रहे हैं। उनका दावा है कि जिले के सासाराम, करगहर, कोचस, बिक्रमगंज, डेहरी सहित अन्य प्रखंड से एक लाख से अधिक कार्यकर्ता और लोगों की भीड़ जुटेगी।
'तेजस्वी यादव के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा'
इस दौरान राजद नेता राम प्रवेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि 'तेजस्वी यादव का जनसभा ऐतिहासिक होगा। उन्होंने जो कहा, अपने 17 माह के कार्यकाल में उसे पूरा करने का काम किया है। इससे लोगों में तेजस्वी यादव के प्रति विश्वास बढ़ा है।' इस मौके पर राजद नेता संदीप सिंह यादव, मलिक पासवान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रशासन ने तैयारियों का लिया जायजा
जिला प्रशासन और अनुमंडल प्रशासन के द्वारा सुरक्षा को लेकर मजिस्ट्रेट के साथ काफी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल के जवानों की तैनाती की गई है। स्थानीय प्रशासन के द्वारा अनुमंडल प्रशासन ने भी निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और दिशा निर्देश जारी किए।

Post a comment