पूर्णिया के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित किया गया अन्नप्राशन कार्यक्रम, 6 महीने के बच्चों को...
- by Manjesh Kumar
- 19-May-2026
- Views
पूर्णिया: पुर्णिया जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर मंगलवार को अन्नप्राशन दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस मौके पर छः माह पूर्ण कर चुके बच्चों का विधिवत अन्नप्राशन कराया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के माता पिता एवं अभिभावकों को ऊपरी आहार एवं आहार विविधता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। ताकि बच्चों को समय पर संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराया जा सके।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सुगंधा शर्मा ने बताया कि छः माह पूर्ण होने के बाद बच्चों के लिए केवल स्तनपान पर्याप्त नहीं होता, बल्कि ऊपरी आहार की शुरुआत भी आवश्यक हो जाती है। उन्होंने कहा कि अन्नप्राशन कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक माता-पिता एवं अभिभावकों को बच्चों के पोषण, आहार विविधता एवं सही खान-पान के प्रति जागरूक करना है, ताकि बच्चे कुपोषण से सुरक्षित रह सकें। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर अन्नप्राशन दिवस को उत्सव के रूप में मनाने का निर्देश देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम से समाज में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ती है। प्रत्येक माह की 19 तारीख को आंगनबाड़ी केंद्रों पर अन्नप्राशन दिवस आयोजित किया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं ने विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का भ्रमण कर बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा धात्री माताओं को पूरक पोषाहार एवं पोषणयुक्त भोजन के महत्व की जानकारी दी। इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्रों में दाल, चावल, हरी सब्जी, अंडा एवं फल जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। वहीं सेविकाओं ने धात्री माताओं को बच्चों को पोषण से भरपूर एवं विविधतापूर्ण आहार देने के लिए प्रेरित किया।


Post a comment