नशा के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पूर्णिया में 44 किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार

पूर्णिया: पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत के निर्देश पर लगातार नशा तस्करों के खिलाफ शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में पूर्णिया पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली और भारी मात्रा में गांजा जब्त किया। जिले के केनगर थाना पुलिस और एसटीएफ ने मिलकर गांजा तस्करी के बड़े गिरोह का खुलासा किया। केनगर थाना परिसर में एसडीपीओ सदर-2 गौरव कुमार के प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देर रात एसटीएफ को केनगर थाना क्षेत्र के बसहा गाँव में गांजा की बड़ी खेप चोरी-छिपे बिक्री किये जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर 9 सदस्यीय पुलिस टीम का गठन किया गया।

केनगर थाना क्षेत्र के बिठनौली पूरब पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-13 स्थित बसहा गाँव निवासी महाराज साह के 28 वर्षीय पुत्र पिंटू कुमार तथा महेन्द्र साह के 24 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार के घर पर छापेमारी कर तस्करों को 44 किलो गांजा के साथ दबोचा गया। एक मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया है। एसडीपीओ ने बताया कि गांजा तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य अपराधियों की भी पहचान कर ली गई है, इसके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। केनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

छापेमारी दल में केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी, पुलिस अवर निरीक्षक रुपाली कुमारी, हरि प्रसाद कुमार एवं सहायक अवर निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह के साथ सिपाही अमर कुमार, मुन्ना कुमार, धर्मेन्द्र पासवान, प्रियांशु कुमार तथा महिला सिपाही संजीता कुमारी समेत कुल 9 पुलिसकर्मी शामिल थे।

  

Related Articles

Post a comment