राष्ट्रीय खेल दिवस पर मेहुस में खेलों का महाकुंभ, डीएम ने मेजर ध्यानचंद को किया नमन

शेखपुरा: राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, मेहुस में खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी शेखर आनंद ने मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर की। विद्यालय परिवार की ओर से डीएम को जल-जीवन-हरियाली अभियान के प्रतीक स्वरूप पौधा और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। छात्राओं के स्वागत गान के बाद डीएम ने मैदान में पहुंचकर सिक्का उछालकर कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ मानसिक मजबूती और अनुशासन भी सिखाता है। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के साथ प्रतिदिन शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले के विद्यालयों में खेल मैदान और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 100 मीटर बालिका वर्ग में सिमरन कुमारी और बालक वर्ग में विक्की कुमार प्रथम रहे। वहीं 200 मीटर बालिका वर्ग में इशिका कुमारी तथा बालक वर्ग में अमरजीत कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। विजेता खिलाड़ियों को डीएम ने मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, खेल प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment