एशियन गेम्स में भारतीय हॉकी की स्वर्णिम सफलता देश में हॉकी के निरंतर स्वर्णिम भविष्य का आधार: मंत्री श्रवण कुमार
- by Manjesh Kumar
- 03-Oct-2026
- Views
पुरुष और महिला दोनों टीमों के स्वर्ण पदक जीतने पर मंत्री श्रवण कुमार ने दी हार्दिक बधाई
पटना: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय हॉकी के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर ग्रामीण विकास विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री सह बिहार हॉकी संघ के अध्यक्ष श्रवण कुमार ने भारतीय पुरुष एवं महिला हॉकी टीम को स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि एशियन गेम्स में पहली बार भारतीय पुरुष और महिला दोनों हॉकी टीमों का एक साथ स्वर्ण पदक जीतना भारतीय हॉकी के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह सफलता देश में हॉकी के निरंतर मजबूत होते आधार, खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है।
श्रवण कुमार ने कहा कि भारतीय हॉकी ने एशिया के मंच पर अपनी श्रेष्ठता का शानदार प्रदर्शन किया है। दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। भारतीय हॉकी का यह स्वर्णिम अध्याय अब और बड़ी उपलब्धियों की ओर बढ़ रहा है। खिलाड़ियों, कोचों, सपोर्ट स्टाफ और हॉकी इंडिया को हार्दिक बधाई। अब हमारी नजरें ओलंपिक के स्वर्ण पदक पर हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता देश के उन लाखों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है जो हॉकी को अपना सपना बनाकर मैदान पर मेहनत कर रहे हैं।
बता दें कि भारतीय महिला टीम ने फाइनल मैच में चीन को 1–0 से हराकर 44 वर्षों बाद एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किया है। शनिवार को पुरुष टीम ने भी फाइनल मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को 5–1 से पराजित कर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स हॉकी का स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर से भारत का खाता खोला और भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में आक्रामक एवं नियंत्रित हॉकी का शानदार प्रदर्शन किया। इस जीत के साथ भारत ने एलए 2028 ओलंपिक के लिए सीधा स्थान भी सुनिश्चित किया है।


Post a comment