पहले स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर आया हाइवा ट्रक की चपेट में, वीडियो बनाना छोड़ लोग पहुंचा देते अस्पताल तो बच सकती थी जान

पूर्णिया: मरंगा मुर्गी फार्म निवासी 45 वर्षीय पप्पू साह की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक स्वर्गीय सुवा लाल साह के पुत्र थे और भाड़े पर गाड़ी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार पप्पू साह मंगलवार की शाम बाइक से हरदा सब्जी लाने गए थे। शाम करीब 7 बजे जब वह हरदा से वापस अपने घर मरंगा लौट रहे थे, तभी मिल्की सत्संग भवन के समीप पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और सीधे हाइवा की चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर तड़पते रहे। 

परिजनों ने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर मौजूद लोग मदद करने के बजाय केवल वीडियो बनाते रहे। यदि समय पर कोई मदद करता तो शायद उनकी जान बच सकती थी। इधर, हादसे के समय सड़क पर जाम लगा हुआ था। उसी दौरान मृतक के भाई त्रिपुरारी साह और भतीजा विशाल वहां से गुजर रहे थे। जाम का कारण जानने के लिए जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि पप्पू साह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े हैं। इसके बाद दोनों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक टोल प्लाजा के समीप वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर थाने में लगा दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

  

Related Articles

Post a comment