CM सम्राट के वायरल वीडियो पर बिहार में राजनीति तेज, RJD ने कहा तंबाकू तो भाजपा ने लालू को ही लपेट लिया
- by Manjesh Kumar
- 11-Aug-2026
- Views
पटना: 1990 के दशक में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और गोविंदा की जोड़ी का एक गीत खूब प्रचलित हुआ था जो बिहार में यदा कदा आज भी व्यंग्य के रूप में गाया और सुना जाता है। वह गाना था 80 चुटकी, 90 ताल, रगड़ के खैनी मुंह में डाल। अब यही खैनी इन दोनों बिहार के राजनीति पर हावी होता हुआ दिख रहा है। दरअसल मुख्यमंत्री के कार्यक्रम एक तस्वीर ने राज्य का सियासी तापमान बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के एक वायरल वीडियो पर विपक्ष ने जोरदार हमला बोला, तो वहीं सत्ता पक्ष ने मैदान में उतरकर करारा पलटवार किया है।
विपक्ष तंबाकू कह बना रहा माहौल
कहते हैं राजनीति में हर कदम सोच-समझकर उठाना पड़ता है, लेकिन बिहार में तो हाथ की एक छोटी सी हरकत पर भी बवंडर आ गया। सार्वजनिक कार्यक्रम चल रहा था तभी कैमरे की नजर पड़ी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर। मुख्यमंत्री ने बड़ी फुर्ती से हाथ से अपना मुंह ढंका और कुछ 'गटक' लिया! फिर क्या था, विपक्षी RJD ने बिना देर किए X पर वीडियो डाला और लिखा 'मीटिंग में क्या बोला जा रहा है, कुछ नहीं समझ आने से बोरियत तो और ज्यादा बढ़ जाती है। इसीलिए मन बहलाने के लिए तथाकथित "बुद्धिवर्धक चूर्ण" तो हर 10 मिनट में चाहिए ही चाहिए! इसके बिना इनका काम ही नहीं चलता।' RJD का इतना कहना था कि पीछे से कांग्रेस भी ढोल-मजीरा लेकर आ गई। कांग्रेस वालों ने तो बैकग्राउंड में गाना ही बजा दिया "बनावो खैनी रे...!"
BJP ने कहा सीएम खाते हैं लौंग
अब बारी थी सत्ता पक्ष की। बीजेपी के नेता ढाल बनकर सामने आ गए। बिहार सरकार में मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि अरे भाई! यह खैनी नहीं, गले की गोली है! गले में खराश थी, तो दवाई खा रहे थे! अब राजद को कोई काम वे ताक झाक में लगे रहते हैं। वहीं दूसरी तरफ भाजपा की प्रदेश महामंत्री सह प्रवक्ता डॉ प्रीति शेखर ने राजद सुप्रीमो को ही लपेटे में ले लिया और कहा कि तंबाकू खाकर IAS अधिकारियों के हाथ में पिकदान थमाकर थूकने वाले नेता लालू प्रसाद यादव के पार्टी की प्रवक्ता को दृष्टि दोष हो गया है जिन्हें तंबाकू और लौंग इलाइची में फर्क नजर नहीं आता।


Post a comment