शेखपुरा में लूट-चोरी गिरोह का भंडाफोड़: 4 बदमाश गिरफ्तार, 2 पिस्तौल व चोरी की बाइक बरामद
- by Manjesh Kumar
- 31-May-2026
- Views
शेखपुरा: जिला के करंडे थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस तथा दो चोरी की बाइक बरामद की हैं। हालांकि गिरोह का एक सदस्य पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा। थानाध्यक्ष राकेश कुमार और एएसआई अभिषेक कुमार के नेतृत्व में चलाए गए छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस गश्ती दल लुटॉत गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव के समीप सड़क किनारे ताड़ के पेड़ के नीचे बैठे दो युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
>पूछताछ में उनकी पहचान छोटू महतो और सुजीत महतो के रूप में हुई। पुलिस ने जब उनके पास खड़ी बाइक के कागजात मांगे तो दोनों ने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है। मोबाइल की जांच के दौरान गैलरी में कुछ युवकों की अवैध पिस्तौल के साथ फायरिंग करते हुए तस्वीरें मिलीं। इसके आधार पर पुलिस ने उनकी निशानदेही पर गांव निवासी सतीश कुमार के घर छापेमारी की, जहां एक लकड़ी के संदूक से दो पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। वहीं घर की छत पर सो रहे एक युवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक अन्य चोरी की बाइक बाल्मीकि मांझी के घर से बरामद किया है। मामले में एक किशोर को बाल संरक्षण गृह, जमुई भेजा गया है, जबकि तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में शेखपुरा जेल भेज दिया गया। इस संबंध में करंडे थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
शेखपुरा से धीरज सिन्हा की रिपोर्ट


Post a comment