

सीतामढ़ी : प्रेस क्लब सभागार में काव्य गोष्ठी आयोजित
- by Raushan Pratyek Media
- 12-Jan-2025
- Views
सीतामढ़ी से अविनाश कुमार की रिपोर्ट
सीतामढ़ी : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार को प्रेस क्लब के सभागार में अखिल भारतीय साहित्य परिषद सीतामढ़ी व राष्ट्रीय कवि संगम सीतामढ़ी के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई गई। मौके पर साहित्यकारों ने स्वामी विवेकानंद के जीवन पर विशेष चर्चा करते हुए इनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर विस्तार से विचार व्यक्त किया। अखिल भारतीय साहित्य परिषद के जिलाध्यक्ष जितेंद्र झा आजाद की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय कवि संगम सीतामढ़ी के संरक्षक वरीय साहित्यकार बच्चा प्रसाद विह्वल ने किया। कार्यक्रम के मौके पर आयोजित काव्य गोष्ठी में कवि रामबाबू सिंह ने " पालो नहीं किसी से वैर,,," व जितेंद्र झा आजाद ने " नई सदी में आओ मिलकर, दुनिया को एक राह दिखाए ..." प्रस्तुत कर वाह - वाही लूटी। वहीं बज्जिका कवि राम किशोर सिंह चकवा ने " गुरुवार अही हमर सबकुछ ..." प्रस्तुत की। बच्चा प्रसाद विह्वल ने अपनी रचना " हर तरफ अंधियारा हैं, मेरे आशियाने में ..." और वाल्मीकि कुमार ' प्रखर ' ने " अस्त्र - शस्त्र, ढ़ाल - तलवार धारिणी हे माँ..." प्रस्तुत की। कवि सुरेश वर्मा ने भी अपनी रचना प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। मौके पर सर्व सम्मति से आगामी 22 जनवरी को प्रेस क्लब सभागार में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा वार्षिकोत्सव का आयोजन का निर्णय लिया गया। उक्त कार्यक्रम में प्रेस क्लब सीतामढ़ी व मिथिला शक्ति संघ की भी भागीदारी होगी। उक्त संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में श्रीराम व श्री सीता जी के व्यक्तित्व पर चर्चा के साथ कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। बैठक में साहित्यकारों के साथ सीतामढ़ी प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश रंजन, सचिव अदित्यानंद आर्य, कोषाध्यक्ष दीपक कुमार, कार्यकारिणी सदस्य अवध बिहारी उपाध्याय व दयाशंकर मुन्ना ने भी प्रस्तावित कार्यक्रम की सहमति दी। कार्यक्रम के मौके पर अखिल भारतीय साहित्य परिषद की ओर से प्रेस क्लब के उक्त पदाधिकारियों को तिरंगा पट्टिका व नोटबुक - कलम से सम्मानित किया गया। वही साहित्यकार सुरेश वर्मा, रामबाबू सिंह, बच्चा प्रसाद विह्वल, राम किशोर सिंह चकवा, जितेंद्र झा आजाद, वाल्मीकि कुमार प्रखर, पूर्व सैनिक अनिल कुमार व राम एकवाल भगत को भी सम्मानित किया गया।

Post a comment