

दो दिवसीय दौरे पर हसनपुर चीनी मिल पहुंचे ईखायुक्त
- by Raushan Pratyek Media
- 18-Feb-2025
- Views
अश्वनी कुमार, समस्तीपुर
समस्तीपुर (हसनपुर) : हसनपुर चीनी मिल के दो दिवसीय दौरे पर ईखायुक्त अनिल कुमार झा पहुंचे। उन्होंने कार्यपालक अध्यक्ष रवीन्द्र कुमार तिवारी के साथ चीनी मिल परिक्षेत्र के रजवा, डुमरा, औरा, पटसा, काले, घोसदहा, सपरी, महुआ छपकी इत्यादि गांवों का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान वह सीधे तौर पर किसानों से रुबरु हुए और गन्ना की खेती में किसानों को आ रही समस्याओं का सुना और उनसे जरूरी सुझाव पर विस्तृत चर्चा किया। भ्रमण के क्रम में ईखायुक्त ने पटसा में संजय कुमार मिश्रा के यहां हसनपुर चीनी मिल द्वारा संचालित सिंगल बड पौधशाला का भी निरीक्षण किया। इस दौरान वह चीनी मिल परिक्षेत्र में किसानों के खेत में गन्ना फसल के साथ सहफसली खेती एवं चीनी मिल के सिंगल बड पौधशाला की व्यवस्था से अत्यंत प्रभावित हुए। उन्होंने किसानों को कम लागत में अधिक से अधिक उपज प्राप्त करने हेतु खेती के नवीनतम तकनीक, गन्ना के नए प्रजाति एवं खेती में यांत्रिकीकरण को अपनाने का सुझाव दिया। अपने हसनपुर प्रवास के अंतिम दिन उन्होंने कारखाना परिसर, केन यार्ड, गन्ना तौल सेतु इत्यादि का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने चीनी मिल के मीटिंग हाल में गन्ना किसानों के साथ बैठक कर उनके जरूरी सुझाव लेते हुए किसानों एवं चीनी मिल के अधिकारियों के साथ अपना अनुभव साझा किया। मौके पर कार्यपालक अध्यक्ष रवीन्द्र कुमार तिवारी, उपाध्यक्ष गन्ना सुरेंद्र पाल सिंह, उप महाप्रबंधक गन्ना सुग्रीव पाठक, वरीय प्रबंधक गन्ना तुलसी कुमार मंडल एवं पुनीत चौहान एवं कई गणमान्य किसान मौजूद थे।

Post a comment