'प्रधान' के लिए कुर्बान क्यों हो रहे प्रधानमंत्री? छात्र आंदोलन पर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने किया बड़ा सवाल

पुर्णिया: पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव संसद परिसर में छात्रों के मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दूसरे दिन भी शामिल हुए। यह प्रदर्शन छात्रों के आंदोलन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश के युवाओं और छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। सांसद पप्पू यादव ने कहा कि धर्मेंद्र जी ने प्रधान जी का कौन-सा नस दबा रखा है? प्रधान जी अपने शिक्षा मंत्री का इस्तीफ़ा लेने में घबरा रहे हैं। प्रधान जी (PM), मंत्री प्रधान के लिए क्यों हो रहे हो कुर्बान? इतना कमजोर प्रधानमंत्री पहली बार देखा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवालों पर जवाब देने के बजाय अपने मंत्री को बचाने में लगी है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इतिहास में आपने कभी देखा है कि सत्ता पक्ष के सांसद बाहर खड़े होकर प्रदर्शन कर रहे हैं? पिछले कई संसद सत्रों से यही चल रहा है। सरकार संसद नहीं चलने दे रही है। नरेंद्र मोदी कमजोर और कायर प्रधानमंत्री हैं।" पप्पू यादव ने कहा कि संसद में जनहित के मुद्दों पर चर्चा कराने के बजाय विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। सांसद ने छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि छात्रों की आवाज अब गूंज बन चुकी है। मोदी सरकार को छात्रों की जायज़ मांगें माननी ही होंगी। उन्होंने छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में युवाओं की आवाज को बल प्रयोग से नहीं दबाया जा सकता। उनके अनुसार, छात्रों के सम्मान, सुरक्षित भविष्य और पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था की लड़ाई पूरे देश की लड़ाई है।

पप्पू यादव ने कांग्रेस और विपक्षी दलों के साथ एकजुटता जताते हुए कहा कि "कांग्रेस पार्टी छात्रों के सम्मान, सुरक्षित भविष्य और उनके अधिकारों की लड़ाई में सड़क से सदन तक उनके साथ मजबूती से खड़ी है।" उन्होंने एनएसयूआई द्वारा छात्रों पर हुई कथित लाठीचार्ज के विरोध में निकाले गए कैंडल मार्च का भी समर्थन किया और कहा कि शिक्षा, न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

  

Related Articles

Post a comment