Sudha Dairy के दूषित जल से किसानों और ग्रामीणों की हो रही परेशानी, 40 एकड़ कृषि भूमि प्रभावित

मुजफ्फरपुर: कांटी प्रखंड के सदातपुर स्थित सुधा डेयरी प्लांट से निकल रहे दूषित एवं बदबूदार जल से किसानों और स्थानीय ग्रामीणों की समस्या लगातार गहराती जा रही है। खेतों में फैल रहे प्रदूषित पानी से करीब 40 एकड़ कृषि योग्य भूमि प्रभावित हो चुकी है, जबकि 1100 से अधिक लीची के पेड़ सूखने की बात भी सामने आई है। दूषित जल और दुर्गंध के कारण आसपास के लोगों का जीवन भी मुश्किल हो गया है। इसी गंभीर समस्या को लेकर गुरुवार को कांटी विधायक अजीत कुमार के नेतृत्व में विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने डेयरी प्लांट से बहाए जा रहे दूषित जल के कारण किसानों की खेती, लीची उत्पादन और स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव की जानकारी देते हुए शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की।

विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द अधिकारियों की बैठक बुलाकर स्थायी समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के साथ बैठक कर समस्या का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) एवं जिला 20 सूत्री की बैठक में यह मुद्दा विधायक अजीत कुमार के द्वारा उठाया गया था। जिला के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने डेयरी प्रबंधन को उचित ड्रेनेज व्यवस्था और दूषित जल निकासी का मास्टर प्लान तैयार करने का निर्देश दिया था, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।  प्रतिनिधिमंडल में विधायक अजीत कुमार के अलावा विधायक मनजीत कुमार सिंह, शालिनी मिश्रा एवं मनीष कुमार प्रमुख रूप से शामिल थे।

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment