सुबह सुबह हिली धरती, बिहार के कई जिलों से लेकर नेपाल तक मची अफरातफरी

पटना: बिहार में मंगलवार की सुबह अचानक धरती हिली, जिसके बाद अफरातफरी का माहौल हो गया। लोग सुबह जगने के बाद अपने कामों में व्यस्त थे तभी अचानक धरती हिलने लगी। कुछ ही सेकंड में पंखे, दरवाजे और घरों का सामान कंपन करने लगा। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोगों में अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 7 बजकर 4 मिनट पर बिहार के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। राजधानी पटना से लेकर उत्तर बिहार और सीमांचल तक धरती में कंपन महसूस होने की खबर सामने आई है। सुपौल, समस्तीपुर, दरभंगा और भागलपुर समेत कई जिलों के लोगों ने झटके महसूस किए।

बताया जा रहा है कि इस भूकंप का केंद्र नेपाल में था और रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.4 मापी गई। इसका असर सिर्फ बिहार तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ हिस्सों में भी झटके महसूस किए जाने की जानकारी सामने आई है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम और सिलीगुड़ी में भी धरती कांपने की खबर है। वहीं, जानकारी के मुताबिक नेपाल और असम के कार्बी आंगलोंग जिले में अहले सुबह करीब 3 बजकर 39 मिनट पर 2.5 तीव्रता का एक अलग भूकंप भी दर्ज किया गया था।

  

Related Articles

Post a comment