देश की जनता महंगाई से त्रस्त, ‘विश्व गुरु’ का दावा सिर्फ जुमला : प्रशांत किशोर



मुजफ्फरपुर : जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत मुजफ्फरपुर पहुंचे। इन दिनों प्रशांत किशोर बिहार के विभिन्न जिलों का दौरा कर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। इसी क्रम में माधोपुर सुस्ता में जन सुराज की जिला कार्यकारिणी कार्यशाला सह संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की सभी सांगठनिक इकाइयों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए.


बैठक को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि वे जन सुराज की जिला कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए मुजफ्फरपुर आए हैं। उन्होंने कहा कि जन सुराज संगठन को और मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज़ी से चल रही है।


पत्रकारों द्वारा जन सुराज बिहार नवनिर्माण आश्रम को लेकर पूछे गए सवाल पर पीके ने कहा कि विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद उन्होंने और पार्टी के वरिष्ठ साथियों ने चंपारण स्थित गांधी भितिहरवा आश्रम में एक दिन का उपवास कर यह घोषणा की थी कि नई सरकार के छह महीने पूरे होने तक जन सुराज संगठन के पुनर्गठन का कार्य किया जाएगा। इसी के तहत जिला और राज्य इकाइयों को भंग कर संगठन को नए सिरे से मजबूत किया गया है।


उन्होंने कहा कि जन सुराज शिक्षा, भ्रष्टाचार, पलायन, बेरोजगारी और बिहार में बदलाव जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच मजबूती से अपनी बात रखेगा।


‘कॉक्रोच जनता पार्टी’ को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि यह कोई राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक डिजिटल अभियान है। उन्होंने कहा कि अगर करोड़ों लोग किसी मंच से जुड़ रहे हैं तो यह इस बात का संकेत है कि समाज में भ्रष्टाचार, महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी को लेकर गहरी नाराजगी है।


बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज मजबूती से चुनाव लड़ेगा। उम्मीदवार को लेकर पार्टी स्तर पर चर्चा चल रही है और उचित समय पर इसकी जानकारी दी जाएगी।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गाड़ियों की संख्या कम करने वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पीके ने कहा कि देश की जनता महंगाई से त्रस्त है, ऐसे में विश्व गुरु,का दावा सिर्फ जुमला बनकर रह गया है। यह पेट्रोल बचाओ है या ‘पेट्रोल खपाओ’, यह तो मोदी जी ही बता सकते हैं।


उन्होंने कहा कि अगर देश दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, तो फिर आम लोगों को गैस, तेल और जरूरी संसाधनों की कमी जैसी समस्याओं का सामना क्यों करना पड़ रहा है.


मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट...

  

Related Articles

Post a comment