बेटे का स्कूल में नाम लिखवाने गांव आए व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत
- by Manjesh Kumar
- 26-May-2026
- Views
शेखपुरा: जिले के कोसुंभा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसुंभा रेलवे हॉल्ट के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कोसुंभा गांव निवासी जागो मांझी के पुत्र प्रसादी मांझी के रूप में की गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि प्रसादी मांझी पश्चिम बंगाल के ईंट-चिमनी भट्ठे पर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
मृतक सोमवार को अपने पुत्र का चौथी कक्षा में नामांकन कराने के उद्देश्य से बंगाल से घर लौटा था। मंगलवार की अहले सुबह वह घर से शौच के लिए निकला था, इसी दौरान कोसुंभा रेलवे हाल्ट के समीप ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसका शरीर कमर के पास से दो हिस्सों में कट गया। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने रेलवे पटरी के किनारे शव देखा और घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक अपने पीछे चार छोटे-छोटे पुत्र और पत्नी को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।


Post a comment