भागलपुर में निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन, MDM के DPM मनोज कुमार 1.10 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार
- by Manjesh Kumar
- 21-Nov-2026
- Views
भागलपुर: भागलपुर में शिक्षा विभाग के भीतर निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कचहरी परिसर स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के एमडीएम शाखा में छापेमारी कर निगरानी टीम ने एमडीएम के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनोज कुमार को 1 लाख 10 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया है। पांच सदस्यीय निगरानी टीम अचानक उनके केबिन में पहुंची और तलाशी के दौरान इतनी बड़ी रकम बरामद की।
कार्रवाई के बाद निगरानी टीम आरोपी मनोज कुमार को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल ले गई। इस पूरे मामले में दिलचस्प पहलू यह है कि प्रखंड बीआरपी रजनीश कुमार ही इस मामले में निगरानी विभाग के परिवादी यानी शिकायतकर्ता थे। उनकी शिकायत का सत्यापन करने के बाद निगरानी टीम ने यह कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले जिलाधिकारी के निर्देश पर वित्तीय मामलों में कथित अनियमितता को लेकर रजनीश कुमार के मानदेय से हर महीने कटौती करने का आदेश दिया गया था। इसके साथ ही उन्हें अगले आदेश तक जिला कार्यालय में प्रतिनियुक्त भी किया गया था। फिलहाल निगरानी विभाग की कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।


Post a comment