प्रधानमंत्री की बिहार यात्रा अब तक के दौरे में सबसे निराशाजनक और नीरस, हुई निशांत की उपेक्षा
- by Manjesh Kumar
- 21-Nov-2026
- Views
पटना: प्रधानमंत्री के आज बिहार दौरे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा कि आज उनके कार्यक्रम में एक बार फिर जदयू के मान्य नेता और वैशाली जिला के प्रभारी मंत्री निशांत कुमार की उपेक्षा की गई है। साथ हीं उन्होंने कहा कि अब तक प्रधानमंत्री का बिहार में जितने भी कार्यक्रम हुए है उसमें हर दृष्टिकोण से आज का दौरा सबसे निराशाजनक और नीरस रहा है।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि निशांत कुमार न केवल पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिनके नाम पर पुल का नामकरण हुआ है, के पुत्र हैं बल्कि वैशाली जिला के प्रभारी मंत्री भी हैं। न तो वे पुल के उद्घाटन के समय उपस्थित थे और न तो मंच पर उन्हें बोलने का मौका हीं दिया गया। जबकि मान्य प्रोटोकॉल के अनुसार वैशाली जिला के प्रभारी मंत्री की हैसियत से उन्हें पुल के उद्घाटन के समय भी उपस्थित रहना चाहिए था और सभा को सम्बोधित भी करना चाहिए था।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार बिहार आए प्रधानमंत्री जी से बिहार के लोगों को उम्मीद थी कि वे बिहार के लिए कुछ तोहफे लाएंगे, कुछ नई घोषणाएं करेंगे, पर वे अपनी घिसी-पिटी पुराने भाषणों को हीं दोहरा कर चले गए। बिहार और विशेषकर वैशाली के लोगों द्वारा भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को कोई तवज्जो नहीं दिया गया। इसीलिए एनडीए नेताओं और सरकारी स्तर पर भी भीड़ जुटाने के जबरदस्त अभियान के बावजूद सभा में आमलोगों की भागीदारी नगण्य रही। यदि जीवीका दीदियों और आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं को विशेष व्यवस्था कर नहीं लाया जाता तो सभास्थल बिल्कुल खाली हीं रह जाता।


Post a comment