विकास मित्र की मौत पर सड़क जाम, BWO पर प्रताड़ना का आरोप, मुआवजे के आश्वासन पर हटा जाम
- by Manjesh Kumar
- 01-Oct-2026
- Views
शेखपुरा: जिले के कोसरा पंचायत अंतर्गत गंगटी गांव निवासी बैजनाथ मांझी के पुत्र एवं विकास मित्र उदय मांझी की मौत के बाद गुरुवार को ग्रामीणों ने शेखपुरा-शाहपुर मुख्य मार्ग को गंगटी मोड़ के पास जाम कर दिया। मृतक का शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने घंटों प्रदर्शन किया और मामले में कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सुनील कुमार द्वारा उदय मांझी को कथित रूप से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इसी प्रताड़ना के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी और बाद में उनकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। मृतक के परिजनों ने उचित मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम किया।
सूचना मिलने पर जिला कल्याण पदाधिकारी अरुण कुमार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों एवं परिजनों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक के परिवार को 36 माह के वेतन के बराबर राशि तथा मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के बाद 9 लाख रुपये का मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, तत्काल राहत के तौर पर जिला कल्याण पदाधिकारी ने अपने स्तर से 5 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हुआ।


Post a comment