रेलवे प्लेटफॉर्म पर बीमार पड़े व्यक्ति को आरपीएफ ने पहुंचाया अस्पताल, रास्ते में ही तोड़ दिया दम
- by Manjesh Kumar
- 20-Jun-2026
- Views
कटिहार: कटिहार के कुमेदपुर-बारसोई रेलखंड अंतर्गत खुरियाल रेलवे स्टेशन पर एक बीमार यात्री की इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार खुरियाल रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति काफी बीमार अवस्था में पड़ा हुआ दिखाई दिया। स्टेशन पर ड्यूटी में तैनात आरपीएफ जवान कृष्ण कुमार साह की नजर जब उस व्यक्ति पर पड़ी तो उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल उसे इलाज के लिए आजमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की व्यवस्था की। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल एवं जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। आरपीएफ इंस्पेक्टर बारसोई शंकर कुमार दास ने बताया कि मृतक के पास से मिले आधार कार्ड के अनुसार उसकी पहचान कृष्ण शाह के रूप में हुई है। आधार कार्ड में उसका पता त्रिपुरा राज्य के दक्षिण त्रिपुरा जिले के बिलोनिया प्रखंड अंतर्गत सुकांता नगर दर्ज है। प्रारंभिक तौर पर मृतक त्रिपुरा राज्य का निवासी प्रतीत हो रहा है।
वहीं खुरियाल पंचायत के सरपंच मोहतमिम आलम ने बताया कि उक्त व्यक्ति को पिछले दो-तीन दिनों से स्टेशन परिसर में बीमार हालत में देखा जा रहा था। वह कहां से आया था और यहां कैसे पहुंचा, इसकी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर ही उसकी पहचान की जा रही है। फिलहाल आरपीएफ एवं जीआरपी बारसोई द्वारा विधिसम्मत कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मृतक के परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।


Post a comment