WJAI झारखंड इकाई के अध्यक्ष बने दीपक ओझा, पूर्णेंदु पुष्पेश और राजीव रंजन को भी मिली अहम जिम्मेदारी
- by Raushan Pratyek Media
- 13-Apr-2026
- Views
रांची: वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) की झारखंड इकाई के गठन के साथ संगठन में महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा की गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल की अनुशंसा पर राष्ट्रीय महासचिव मधुप मणि पिक्कू ने दीपक ओझा को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, राजीव रंजन को उपाध्यक्ष और पूर्णेंदु पुष्पेश को महासचिव नियुक्त किया है। इस निर्णय को राज्य में डिजिटल पत्रकारिता को संगठित और सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
कई चैनल में निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारी
झारखंड प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष दीपक ओझा झारखंड में पत्रकारिता का एक जाना-पहचाना और अनुभवी चेहरा हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया टीवी नोएडा से की और इसके बाद जनमत टीवी (अब लाइव इंडिया), दूरदर्शन, पीटीएन न्यूज झारखंड तथा जी न्यूज झारखंड के साथ कार्य किया। वे नक्षत्र न्यूज हिंदी के संस्थापक और चैनल हेड रह चुके हैं तथा साधना न्यूज में बिहार-झारखंड के संपादक की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। इसके अलावा रांची विश्वविद्यालय सहित कई महाविद्यालयों में पत्रकारिता विभाग में अतिथि शिक्षक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। संगठन ने उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
35 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं प्रदेश महासचिव
झारखंड प्रदेश महासचिव पूर्णेंदु पुष्पेश वरिष्ठ पत्रकार के रूप में करीब 35 वर्षों का अनुभव रखते हैं और 'राष्ट्रीय मुख्यधारा' दैनिक अखबार के प्रकाशन एवं संपादन से जुड़े हुए हैं। इसके साथ ही वे नगाड़ा, व्यवस्थावार्ता, अभिरक्षक लोक, अपराह्नवार्ता और ग्रामवार्ता जैसे डिजिटल न्यूज पोर्टलों के संपादक भी हैं।
विभिन्न मीडिया संस्थानों का है अनुभव
वहीं झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन लंबे समय से इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं और विभिन्न मीडिया संस्थानों के साथ काम करने का व्यापक अनुभव रखते हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल ने नई टीम को बधाई देते हुए निर्देश दिया कि 15 दिनों के भीतर प्रदेश की पूरी कमिटी का गठन किया जाए। उन्होंने जिलों में सदस्यता अभियान चलाने और डिजिटल पत्रकारिता को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार बनाने के लिए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
झारखंड प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष दीपक ओझा ने अपने मनोनयन के बाद कहा कि जल्द ही झारखंड में एक बड़े मीडिया समिट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर के डिजिटल पत्रकारों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर डिजिटल मीडिया को आवश्यक सुविधाएं और मान्यता दिलाने की प्रतिबद्धता भी जताई।
संगठन के सदस्यों ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि दीपक ओझा के नेतृत्व में WJAI झारखंड को नई दिशा, मजबूती और विस्तार मिलेगा। साथ ही राज्य में वेब पत्रकारों के हितों को और सशक्त रूप से आगे बढ़ाने में यह टीम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


Post a comment