20 सूत्री समीक्षा बैठक में विधायक ने रखी कई मांग, कहा 'बाढ़ से बचाव सहित शहर की समस्याओं का हो समाधान'

पूर्णिया: समाहरणालय के महानंदा सभागार में बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री एवं जिला के प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा की अध्यक्षता में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति, आपदा प्रबंधन विभाग तथा जल-जीवन-हरियाली परामर्शदात्री समिति की समीक्षा बैठक में पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने भाग लिया। उन्होंने जनता की समस्याओं एवं विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया। बैठक में विधायक खेमका ने पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के पंचायतों एवं नगर निगम वार्डों में विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याओं के समाधान की मांग की।

उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं स्वीकृत राशि संबंधी पत्र सीधे उपलब्ध कराने अथवा विशेष शिविर लगाकर वितरण सुनिश्चित करने को कहा। विधायक ने पूर्णिया में नदियों के किनारे हो रहे अवैध मिट्टी कटाव पर रोक लगाने की मांग करते हुए खनन विभाग द्वारा किसानों के ट्रैक्टरों को जब्त करने एवं कथित उत्पीड़न के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह मंत्री से किया। उन्होंने पूर्णिया शहर के सिपाही टोला क्षेत्र से नगर निगम वार्ड संख्या-4 स्थित बक्सा घाट की ओर बनाए गये अवैध पुल निर्माण का मामला भी गंभीरता से उठाया तथा अविलंब निर्माण ध्वस्त कर इसमें संलिप्त गिरोह का पर्दाफाश करने एवं दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।

विधायक ने शहर की नदियों, नालों एवं जल निकासी मार्गों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को चिन्हित कर उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराने की आवश्यकता पर बल दिया। नगर निगम क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि दो एजेंसियों को प्रतिमाह लगभग दो करोड़ रुपये का भुगतान किए जाने के बावजूद सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। इसके अतिरिक्त विधायक ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लगाए गए एलईडी लाईट पोलों पर टोल-फ्री नंबर अंकित करने एवं खराब लाइटों को शीघ्र मरम्मत करने को कहा। बैठक के दौरान विधायक विजय खेमका ने जनता से प्राप्त विभिन्न आवेदन एवं शिकायतों का संकलन जिला प्रभारी मंत्री को सौंपा। मंत्री ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान करने को कहा। प्रभारी मंत्री रत्नेश सदा ने सखी वन स्टॉप सेन्टर तथा जिला बीस सूत्री कार्यालय का उद्धाटन किया तथा आपदा पीड़ित लाभुकों को चेक एवं दिव्यांगों को ट्राई साईकिल वितरित किया।

  

Related Articles

Post a comment