ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों को वेलकम किट में मिलेगा बिहारी सत्तू और मखाना, सीएम सम्राट ने कहा...

पटना: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने के लिए 11 देशों के राष्ट्रध्यक्ष समेत अन्य प्रतिनिधि दिल्ली पहुंचने लगे हैं। विदेशी मेहमानों की सुरक्षा में एक तरफ जहां हजारों सुरक्षाबल की तैनाती की गई है तो दूसरी तरफ उनके खाने पीने के लिए देश भर की मशहूर व्यंजन भी तैयार किए गए हैं। इसी कड़ी में ब्रिक्स में शामिल होने के लिए आने वाले मेहमानों को दिए जाने वाले वेलकम किट में बिहार का सत्तु और मखाना को शामिल किया गया है। सत्तू और मखाना को वेलकम किट में शामिल किए जाने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने अपनी खुशी सोशल मीडिया पर भी जाहिर की।

अलग राज्यों के व्यंजन भी होंगे टेबल पर

BRICS सम्मेलन में आने वाले विदेशी मेहमानों को भारतीय खानपान की विविधता से रूबरू कराने की तैयारी की गई है। मेन्यू में देश के अलग-अलग हिस्सों के पारंपरिक और लोकप्रिय व्यंजनों को शामिल किया गया है। एक ही मेज पर रागी का डोसा, बाजरे का उपमा, कश्मीरी पुलाव, हैदराबादी बिरयानी और लखनवी कबाब जैसे व्यंजन नजर आएंगे। इसके साथ ही बाजरा उपमा, अवधी कबाब, हैदराबादी बिरयानी और किनुआ बिरयानी जैसे व्यंजन भी मेहमानों को परोसे जाने की जानकारी सामने आई है। इस तरह BRICS सम्मेलन के जरिए विदेशी मेहमानों को एक ही जगह पर भारत के अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों के स्वाद का अनुभव मिलेगा।

मखाना और सत्तू को मिल रहा ग्लोबल मार्केट

वेलकम किट में सत्तू और मखाना को जगह मिलना ब‍िहार के लिए खास महत्व रखता है। सत्तू लंबे समय से बिहार के पारंपरिक खानपान का हिस्सा रहा है, जबकि मखाना अब देश-दुनिया में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। खासकर मिथिलांचल का मखाना बिहार की कृषि और स्थानीय उद्यमिता की महत्वपूर्ण पहचान बन चुका है। इसके बढ़ते बाजार के बीच अंतरराष्ट्रीय मेहमानों तक बिहार के इस उत्पाद की पहुंच राज्य के लिए नए अवसरों का संकेत भी मानी जा रही है। BRICS जैसे वैश्विक मंच पर बिहार के सत्तू और मखाना की मौजूदगी को ‘लोकल टू ग्लोबल’ की सोच से जोड़कर देखा जा रहा है। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की कोशिशों के बीच बिहार के पारंपरिक स्वाद को दुनिया के प्रभावशाली प्रतिनिधियों तक पहुंचाने का यह मौका अहम है।

सीएम सम्राट ने जाहिर की खुशी

वेलकम किट में सत्तू और मखाना को शामिल किए जाने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 'बिहार का गौरव वैश्विक मंच पर! दिल्ली BRICS Summit में Welcome Kit में शामिल सत्तू और मखाना हमारे स्वाद, परंपरा और उद्यमिता की पहचान हैं। माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी का आभार, जिन्होंने ‘Local to Global’ संकल्प को साकार किया। नए बिहार की नई पहचान—बिहार का स्वाद अब दुनिया के सामने!'

  

Related Articles

Post a comment