आभूषण व्यापारी को मारी गोली, 12 लाख रुपये के आभूषण और सामान भी लूटे

नालंदा: इस वक्त की बड़ी खबर नालंदा जिले के सारे थाना क्षेत्र से सामने आ रही है, जहां भैरोबीघा मोड़ के पास बरबीघा के एक आभूषण व्यापारी को गोली मार दी गई है। घटना में करीब 12 लाख रुपये की लूट की भी खबर सामने आ रही है। घायल व्यापारी की पहचान बरबीघा के फैजाबाद निवासी सोनू कुमार, पिता श्याम किशोर शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बेनार मोड़ पर उनकी आभूषण की दुकान है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुकान से लौटने के दौरान दो बाइक सवार अपराधियों ने उनका पीछा किया और फिर उन पर हमला कर दिया। इस दौरान व्यापारी को गोली लग गई।

घटना में आभूषण और अन्य सामान लूटे जाने की भी सूचना है। हालांकि, लूट की राशि और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। गोली लगने के बाद घायल सोनू कुमार को बरबीघा रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, गोली शरीर में फंसी हुई है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है। दिन-प्रतिदिन बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद सारे थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। अब देखना होगा कि पुलिस इस वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें कितनी जल्दी गिरफ्तार कर पाती है।फिलहाल, इस घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी और पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

  

Related Articles

Post a comment