बाहुबली विधायक अनंत सिंह और गायक गुंजन सिंह ने गोपालगंज कोर्ट में किया सरेंडर, जमानत याचिका पर न्यायालय ने दिया बड़ा फैसला

गोपालगंज: गोपालगंज में एक निजी समारोह के दौरान हथियार लहराए जाने के मामले में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह सोमवार को गोपालगंज कोर्ट पहुंचे।  दोनों ने अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी 1 सह एमपी एमएलए स्पेशल कोर्ट में सरेंडर किया साथ ही स्थाई जमानत याचिका दायर की। सुनवाई के बाद कोर्ट ने उनकी याचिका मंजूर करते हुए स्थाई जमानत दे दी। सुनवाई के दौरान विधायक अनंत सिंह की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश पाठक ने अदालत को बताया कि पुलिस द्वारा दर्ज किया गया मामला तथ्यों के विपरीत है और उनके मुवक्किल को फंसाने के उद्देश्य से दर्ज किया गया है। वहीं अभियोजन पक्ष की ओर से एपीओ मंजय मधूप ने अदालत को बताया कि पुलिस की चार्जशीट में दोनों आरोपियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान अश्लील गीत पर डांसर के साथ नृत्य करते हुए हथियार लहराया गया था। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद अदालत ने अनंत सिंह और गुंजन सिंह की स्थायी जमानत याचिका मंजूर कर ली।

जानकारी के अनुसार, जब दोनों अदालत पहुंचे तब तक न्यायाधीश कोर्ट से उठ चुके थे। बाद में दोनों के पहुंचने की सूचना मिलने पर न्यायाधीश दोबारा कोर्ट पहुंचे और मामले की सुनवाई की। सुनवाई पूरी होने के बाद दोनों कोर्ट से बाहर निकल गए। अदालत परिसर से बाहर निकलते समय अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें इस मामले में गलत तरीके से फंसाया गया है, लेकिन उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और अदालत से उन्हें न्याय मिला है। अनंत सिंह के अदालत पहुंचने की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की।

  

Related Articles

Post a comment