मुजफ्फरपुर कोर्ट से हथकड़ी सरकाकर फरार हुआ अपहरण का आरोपी, पुलिस को दिया चकमा
- by Raushan Pratyek Media
- 28-Nov-2026
- Views
मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट से हथकड़ी सरकाकर फरार हुआ अपहरण का आरोपी, पुलिस को चकमा देकर भागा
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर कोर्ट परिसर से फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने अपने हाथ से हथकड़ी सरका ली और पुलिसकर्मी को इसकी भनक लगने से पहले ही मौके से भाग निकला।
जानकारी के अनुसार, मामला मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट के सीजीएम कैंपस गेट के पास का है। पुलिस नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में गिरफ्तार आरोपी को पेशी के लिए अदालत लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने मौका देखकर अपने हाथ से हथकड़ी सरका ली।
इसके बाद वह पुलिसकर्मी को चकमा देकर कोर्ट परिसर से फरार हो गया। आरोपी के अचानक गायब होने से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। साथ आए पुलिसकर्मी ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह फरार हो चुका था।
एसडीपीओ ने की घटना की पुष्टि
मामले को लेकर एसडीपीओ सरैया अभिजीत कौर ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेशी के लिए लाया गया था। इसी दौरान वह पुलिसकर्मी को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सिविल कोर्ट जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर पुलिस अभिरक्षा में मौजूद आरोपी का हथकड़ी सरकाकर फरार हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सवाल यह भी है कि आरोपी की निगरानी में तैनात पुलिसकर्मी से इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।


Post a comment