बेगूसराय में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, एक किशोर की मौत, दूसरा गंभीर
- by Raushan Pratyek Media
- 28-Nov-2026
- Views
बेगूसराय में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, दो किशोरों को मारी गोली, एक की मौत और दूसरा गंभीर
बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में अपराधियों ने दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। इस गोलीबारी में दो किशोरों को गोली लग गई। इनमें एक किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद हथियार लहराते और फायरिंग करते हुए अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना फुलवड़िया थाना क्षेत्र के बरौनी नगर परिषद अंतर्गत वार्ड संख्या 24 में निपनियां मध्य विद्यालय के पास की है। शुक्रवार को स्कूल के समीप खड़े दो किशोरों पर हथियारबंद अपराधियों ने अचानक गोलियां बरसा दीं। गोली लगते ही दोनों किशोर जमीन पर गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना में निपनियां मधुरापुर पंचायत के वार्ड संख्या 09 निवासी अमित कुमार सिंह के 17 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार की मौत हो गई। वहीं, तेघड़ा थाना क्षेत्र के बरौनी एक पंचायत के वार्ड संख्या 11 निवासी अरविंद सिंह के करीब 17 वर्षीय पुत्र सतीश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बरौनी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल सतीश का इलाज जारी है।
एसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार, फुलवड़िया थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार और 112 हेल्प डेस्क के पुलिस अधिकारी रमेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय के एसपी मनीष भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है। अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
परिजनों में मचा कोहराम, वारदात की वजह पर सवाल
किशोर आदित्य की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दूसरे किशोर के परिवार के लोग भी घटना से सदमे में हैं।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर अपराधियों ने दोनों किशोरों को निशाना क्यों बनाया। वारदात के पीछे आपसी रंजिश, पुराना विवाद या कोई अन्य वजह थी, इसका पता लगाया जा रहा है।
बेगूसराय में दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।


Post a comment