भागलपुर में अपराधियों ने दिनदहाड़े मचाया तांडव, आर्मी जवान के घर में घुस की डकैती
- by Manjesh Kumar
- 10-Jul-2026
- Views
भागलपुर: बिहार की पुलिस और सरकार लगातार अपराध नियंत्रण के दावे कर रही है वहीं दूसरी तरफ अपराधी लगातार बेखौफ हो कर आपराधिक वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला बिहार के भागलपुर से है जहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी डकैती को अंजाम दिया है वह भी आर्मी के एक जवान के घर में। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई जबकि पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के गणेशीबाग की है। बताया जा रहा है कि हथियारबंद बदमाशों ने आर्मी के एक निशान के घर में घुस कर उनकी पत्नी और बेटी को बंधक बना लूटपाट की। अपराधियों ने इस दौरान पूरे घर की तलाशी ली और करीब 60 हजार रुपए नकद के साथ ही सोने चांदी के महंगे जेवर लूट कर फरार हो गए।
घटना के संबंध में आर्मी जवान की पीड़िता पत्नी नीतू ने बताया कि उनके पति इस समय ड्यूटी पर तैनात हैं। घर में वह और उनकी बेटी है। चार से पांच हथियारबंद बदमाश अचानक उनके घर में घुस गए और मां बेटी को बंधक बना लिया। इस दौरान जब उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट भी की। बदमाशों ने मां बेटी को जान से मारने की धमकी दे कर बंधक बनाए रखा घर में रखे नकदी समेत सोने चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सिटी एसपी और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं, और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घायल महिला का अस्पताल में इलाज जारी है। भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।


Post a comment