एसएसपी कर रहे थे क्राइम मीटिंग, इधर अपराधियों ने एक युवक पर बरसा दी ताबड़तोड़ गोली

पटना: राजधानी पटना से सनसनीखेज खबर सामने आई है जहां मंगलवार की देर रात एक तरफ एसएसपी अन्य अधिकारियों के साथ लॉ एंड ऑर्डर तथा क्राइम कंट्रोल को लेकर बैठक कर रहे थे वहीं दूसरी तरफ बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके को थर्रा दिया। अपराधियों ने एक प्रॉपर्टी डीलर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना राजधानी पटना के रामकृष्णनगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर ज्योतिष बाबा रोड के समीप की है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर शुभम की हत्या करने की नियत से ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई जिसके बाद वह जख्मी हो कर गिर गया जिसे स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।

मिली जानकारी के अनुसार शुभम मंगलवार की रात खाना खाने के बाद घर से बाहर टहलने निकला था  इसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी में शुभम को तीन गोली लगने की बात कही जा रही है। गोली लगते ही शुभम जमीन पर गिर गया। फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर बाइक से फरार हो चुके थे। फायरिंग की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। शुभम की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद रामकृष्ण नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। रामकृष्ण नगर पुलिस जमीन या प्रॉपर्टी से जुड़े विवाद, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि बाइक सवार हमलावरों की पहचान हो सके। पटना सदर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-2 रंजन कुमार ने बताया कि करीब 24 वर्षीय शुभम कुमार को गोली मारे जाने की सूचना मिली है। घायल को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोलीबारी के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।

वहीं रामकृष्णा नगर थानाध्यक्ष के अनुसार वारदात रात करीब साढ़े दस बजे हुई। शुरुआती जांच में युवक के प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़े लोगों के संपर्क में रहने की जानकारी मिली है। पुलिस आसपास के इलाके में संदिग्ध गतिविधियों और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, साथ ही परिवार के सदस्यों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है।

  

Related Articles

Post a comment