कटिहार: दियारा क्षेत्र में दो महिलाओं पर जानलेवा हमला, एक की मौत दूसरी जख्मी
- by Manjesh Kumar
- 21-Aug-2026
- Views
कटिहार: कटिहार जिले के अमदाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापुर पंचायत के दियारा क्षेत्र में घास काटने गई दो मौसेरी बहनों पर अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद दियारा क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना महानंदा नदी के उस पार स्थित गोविंदपुर-बहरसाल दियारा क्षेत्र की बताई जा रही है। मृतका की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर थाना क्षेत्र के दौलतनगर निवासी प्रदीप मंडल की पत्नी चंडिका मंडल के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला की पहचान रूपमा मंडल के रूप में हुई है, जिसका इलाज चल रहा है।
घायल रूपमा मंडल ने बताया कि दोनों रोज की तरह दियारा क्षेत्र में घास काटने गई थीं। वहां एक बुजुर्ग व्यक्ति और एक अन्य व्यक्ति भी घास काट रहे थे। बुजुर्ग के वहां से चले जाने के बाद दोनों बहनों ने दूसरे व्यक्ति से घास उठाने को कहा। इसी दौरान उसने घास का पाला उठाकर चंडिका के सिर पर रख दिया। कुछ देर बाद आरोपी ने चंडिका के चेहरे पर हंसुआ से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने रूपमा मंडल के हाथ और सिर पर भी धारदार हथियार से वार कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मनिहारी के प्रभारी डीएसपी आसिफ आलम और अमदाबाद थानाध्यक्ष राजन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर घटना की जांच शुरू कर दी। प्रभारी डीएसपी आसिफ आलम ने बताया कि प्रथमदृष्टया यह धारदार हथियार से हत्या का मामला लग रहा है। थानाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस को आवेदन प्राप्त हो गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


Post a comment