आशा बहुओं ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन, कार्य बहिष्कार का किया ऐलान, 23 अक्टूबर को लखनऊ में...
- by Manjesh Kumar
- 06-Oct-2026
- Views
सुल्तानपुर (उप्र): अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को बल्दीराय और धनपतगंज क्षेत्र की सैकड़ों आशा बहुओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय पहुंचकर अधीक्षक डॉ राजेश प्रजापति को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। आशा बहुओं ने शासन से उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगी। इस दौरान कार्य बहिष्कार का ऐलान करते हुए 23 अक्टूबर को लखनऊ में धरना देने की चेतावनी भी दी गई। आशा बहुओं की प्रमुख मांगों में उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा दिए जाने, मानदेय बढ़ाकर 21 हजार रुपये प्रतिमाह करने तथा संगिनी का मानदेय 26 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग शामिल है। इसके अलावा प्रत्येक आशा बहू को 50 लाख रुपये का बीमा कवर देने तथा कार्यक्षेत्र में भ्रमण के लिए आशा और संगिनी दोनों को स्कूटी उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
आशा बहुओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और आम लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका रहती है। वह गांव-गांव जाकर स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और अभियानों को सफल बनाने में जुटी रहती हैं। इसके बावजूद उन्हें कई तरह की आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन में आकस्मिक स्थिति में आशा बहू की मृत्यु होने पर उसके परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, पीएफ और पेंशन की सुविधा उपलब्ध कराने तथा 5जी मोबाइल फोन के साथ मोबाइल भत्ता दिए जाने की मांग भी की गई। आशा बहुओं ने कहा कि बदलते समय के साथ उनका काम भी बढ़ा है, लेकिन सुविधाएं और मानदेय उस अनुपात में नहीं बढ़ाए गए हैं।
आशा बहुओं ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो कार्य बहिष्कार कर स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जिम्मेदारियों से दूर रहेंगी और 23 अक्टूबर को लखनऊ पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने शासन से मांगों पर तत्काल संज्ञान लेकर उचित निर्णय किए जाने की अपील की। इस मौके पर अध्यक्ष सुमन, रकेश्वरी पांडेय, इंगलेश, पूनम, कमलेश, निशा, नीता, दिव्या सिंह, उमा सिंह, मीना सिंह समेत बड़ी संख्या में आशा बहुएं मौजूद रहीं।


Post a comment