वैभव सूर्यवंशी की उपलब्धि पर BCA ने जताई खुशी, अध्यक्ष ने कहा 'विश्व का कोई रिकॉर्ड इसके दायरे से बाहर नहीं'
- by Manjesh Kumar
- 28-May-2026
- Views
पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर शुभकामनाएं दी हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए आईपीएल एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने एक सीजन में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने इस मैच के दौरान 60वां छक्का लगाकर Chris Gayle के एक आईपीएल सीजन में 59 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। प्लेऑफ जैसे महत्वपूर्ण मुकाबले में यह उपलब्धि हासिल कर वैभव ने भारतीय क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया है।
वैभव सूर्यवंशी का SRH के विरुद्ध इलेमिनेटर मुकाबले में महज 29 गेंद पर 12 छक्के और 5 चौके लगाकर 97 रनों के प्रभावी प्रदर्शन पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय बना हुआ है। इतने कम उम्र में उन्होंने घरेलू क्रिकेट, राष्ट्रीय स्तर और आईपीएल में लगातार प्रभावी प्रदर्शन करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। आक्रामक बल्लेबाजी, तेज रन गति और बड़े शॉट खेलने की क्षमता के कारण वह लगातार चर्चा में रहे हैं। आईपीएल 2026 सीजन में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पारियां खेलीं और टीम को निर्णायक मुकाबलों में मजबूती प्रदान की। इस अवसर पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण से बिहार क्रिकेट को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि एक आईपीएल सीजन में सर्वाधिक छक्के सहित अनेक रिकॉर्ड बनाना एक महान उपलब्धि हैI मेरे सहित विश्व भर में उनकी विलक्षण प्रतिभा के प्रशंसक उनके शतक की भी प्रतीक्षा कर रहे थे। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्व क्रिकेट का कोई भी रिकॉर्ड इस अद्भुत खिलाडी के दायरे से बाहर नहीं रहने वाला है।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव जियाउल आरफीन ने कहा कि वैभव के शानदार और निरंतर प्रदर्शन से बिहार ही नहीं पुरे विश्व के युवा क्रिकेट खिलाडियों में एक नयी उर्जा, प्रेरणा और खेल के प्रति अपार संभावना का मार्ग खोल दिया है। वह बिहार ही नहीं युवा वर्ग के आदर्श के रूप में स्थापित हो रहे हैं। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन उनकी उपलब्धियों से गौरवान्वित है और उन्हें भविष्य की नयी उपलब्धियों के लिए शुभकामनायें देता है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े सभी जिला संघ के पदाधिकारी, कर्मी और खेल प्रशंसक ने भी हर्ष प्रकट किया।


Post a comment