नीट पेपर लीक मामले को लेकर भागलपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

भागलपुर: भागलपुर में नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में अनियमितताओं और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय गेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कथित पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली की स्वतंत्र जांच कराने, परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने, पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सदर अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपा। वहीं प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार आगे भेजने का आश्वासन दिया गया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

  

Related Articles

Post a comment