जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में प्रिया कुमारी बनीं अव्वल, राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुई चयनित
- by Manjesh Kumar
- 27-Oct-2026
- Views
कटिहार: सेवा ही संकल्प अभियान के तहत आयोजित भाषण प्रतियोगिता में उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, लक्ष्मीपुर की छात्रा प्रिया कुमारी ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। संकुल और प्रखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद प्रिया ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी पहला स्थान हासिल किया। इस सफलता के साथ ही उनका चयन राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता के लिए किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। प्रतियोगिता का आयोजन प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों एवं विकसित भारत की संकल्पना विषय पर किया गया था। इसमें प्रिया कुमारी ने प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत कर निर्णायकों को प्रभावित किया। उनकी सफलता में विज्ञान शिक्षक एवं मार्गदर्शक आनंद शंकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मंगलवार को प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राज कुमार सिंह ने प्रिया कुमारी को मेडल, कलम और डायरी देकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रा की उपलब्धि की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक वीरेंद्र सिंह, प्रधानाध्यापिका कुमारी काजल सहगल, मास्टर ट्रेनर राम जय पाल सिंह सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने प्रिया की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और कटिहार जिले का नाम रोशन करेगी।


Post a comment