वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का हमला, मोहन मरकाम ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल

नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। छत्तीसगढ़ के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने और एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से लोकतंत्र और मताधिकार प्रभावित हो रहे हैं। मोहन मरकाम ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों को नजरअंदाज किया जाना गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी से आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत देशभर में आंदोलन चला रही है। पार्टी के नेता विभिन्न राज्यों में प्रेसवार्ता और जनसभाओं के माध्यम से मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं। मरकाम ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया और फॉर्म-6 व फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग पर भी सवाल उठाए। कांग्रेस का आरोप है कि इन प्रक्रियाओं के माध्यम से गैर-भाजपा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। कांग्रेस ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और मतदाता सूची से हटाए गए पात्र मतदाताओं के नाम बहाल करने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए उसका अभियान जारी रहेगा।

  

Related Articles

Post a comment