शिफ्ट करने से पहले ही सीएम सम्राट ने बदल दिया मुख्यमंत्री आवास का नाम, मंगलवार से लागू हो गया नया नाम...
- by Manjesh Kumar
- 05-May-2026
- Views
पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद मुख्यमंत्री तो बदले ही अब मुख्यमंत्री आवास का नाम भी बदल गया। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद छोड़ने के एलान के साथ ही अपने लिए 7 सर्कुलर रोड आवास तैयार करने में जुट गए थे और अब वह अपने नए आवास में शिफ्ट भी हो गए हैं। नए आवास में नए सीएम सम्राट चौधरी जल्द ही रहने के लिए जाएंगे लेकिन इससे पहले उन्होंने इस आवास का नाम बदल दिया। अब तक मुख्यमंत्री आवास को 1 अणे मार्ग नाम से जाना जाता था लेकिन यहां रहने आने से पहले सीएम सम्राट चौधरी ने इसका नाम बदल दिया।
मुख्यमंत्री आवास का नया नाम मंगलवार से लागू हो गया है। अब मुख्यमंत्री आवास 1 अणे मार्ग की जगह लोक सेवक आवास कर दिया गया है। सरकार इसे नई प्रशासनिक सोच और जनसेवा की छवि से जोड़कर देख रही है। सम्राट चौधरी का नया आधिकारिक पता मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी को एक अणे मार्ग आवंटित किया गया है। अब यह सिर्फ मुख्यमंत्री आवास नहीं, बल्कि लोक सेवक आवास कहलाएगा। इस बदलाव को प्रतीकात्मक रूप से जनता और सरकार के बीच जुड़ाव बढ़ाने की कोशिश माना जा रहा है।
इसके साथ ही अब विधायक आवासीय परिसर को भी नया रूप देने की तैयारी शुरू कर दी गई है। यहां बच्चों के लिए चिल्ड्रेन पार्क बनाया जाएगा, साथ ही खाली जगहों पर सजावटी पेड़, खुशबूदार पौधे और हरियाली बढ़ाने की योजना बनाई गई है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। विधायक आवासीय परिसर में आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की भी योजना है। यहां एलोपैथी के साथ होम्योपैथी और आयुष चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध होगी। अल्ट्रासाउंड, ईसीजी और प्राथमिक जांच जैसी जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं भी एक ही जगह मिलेंगी।


Post a comment