बिहार में भ्रष्ट सरकारी कर्मियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर के पटना से दिल्ली तक 6 ठिकानों पर...
- by Manjesh Kumar
- 24-Jun-2026
- Views
पटना: बिहार में भ्रष्टाचार और भ्रष्ट सरकारी कर्मियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। ईओयू की टीम भ्रष्ट अधिकारियों का पता लगा कर उनके विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। एक बार फिर ईओयू की टीम ने एक भ्रष्ट सरकारी कर्मी के ऊपर दबिश बनाई है और पटना से लेकर दिल्ली तक 6 ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की। ईओयू की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में सुपरटेंडिंग इंजीनियर पवन कुमार के 6 ठिकानों पर छापेमारी की है तथा बरामद दस्तावेजों को खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार सुपरिटेंडिंग इंजीनियर पवन कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला ईओयू थाने में दर्ज किया गया था। इसके बाद कोर्ट से परमिशन मिलने के बाद 6 अलग-अलग ठिकानों पर पुलिस उपाधीक्षक और पुलिस निरीक्षक के पदाधिकारियों के नेतृत्व में तलाशी की कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पवन कुमार पर 3 करोड़ 89 लाख से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। यह संपत्ति उनके वास्तविक संपत्ति से 103.94 प्रतिशत अधिक है। प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने पर 6 ठिकानों पर रेड चल रही है। इसमें पटना में पटना के श्री कृष्णापुरी के यमुना अपार्टमेंट में स्थित फ्लैट, पटना के कार्यालय और भागलपुर आनंदगढ़ कॉलोनी तिलकामांझी स्थित मकान में छापेमारी चल रही है।
ईओयू की टीम पटना के अलावा दिल्ली में भी कार्रवाई कर रही है। दिल्ली में नोएडा सेक्टर 75 स्थित फ्लैट, एक आवासीय ठिकाना और नई दिल्ली द्वारका सेक्टर 10 स्थित फ्लैट पर रेड चल रही है।


Post a comment