पटना के फतुहा में मादक पदार्थ और शराब के साथ एक गिरफ्तार, एक अन्य की तलाश जारी

पटना: पटना के फतुहा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 अवधेश कुमार ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में नदी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने एक तस्कर को 1 किलो 700 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर की गई छापेमारी में 277 बोतल विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब (करीब 65 लीटर) तथा शराब छिपाने में इस्तेमाल किया जा रहा एक फ्रिज भी बरामद किया गया। डीएसपी अवधेश कुमार ने बताया कि 7 जुलाई को नदी थाना अध्यक्ष सद्दाम हुसैन के नेतृत्व में सिक्स लेन पुल के नीचे स्थित गुमटियों की जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर बांसतल निवासी स्वर्गीय विजय राय के 33 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 1 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने बड़े भाई रंजीत कुमार के साथ मिलकर घर में अवैध अंग्रेजी शराब का भंडारण कर उसकी बिक्री करता है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने तत्काल उसके घर पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान रंजीत कुमार मौके से फरार हो गया, जबकि घर की तलाशी में 277 बोतल विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को ठंडा एवं सुरक्षित रखने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे फ्रिज को भी जब्त कर लिया। डीएसपी अवधेश कुमार ने बताया कि गांजा बरामदगी और अवैध शराब बरामदगी के संबंध में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फरार आरोपी रंजीत कुमार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पटना जिले में नशा एवं अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध धंधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब और मादक पदार्थ के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

पटना से मणिकांत की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment